
मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की लंगेहड़ पंचायत के बारल गांव में गैस सिलैंडर फटने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जानकारी के अनुसार यह मकान लाहौरी राम पुत्र मनी राम का है। बताया जा रहा है कि जब उसकी पत्नी ने खाना बनाने के लिए गैस ऑन की तो सिलैंडर ने आग पकड़ ली।
उसने घबरा कर परिवार के सदस्यों को बाहर भागने को कहा। इतने में जोरदार धमाके के साथ सिलैंडर फट गया, जिससे मकान की छत भी उड़ गई।शोर मचाने पर गांव वाले मदद के लिए पहुंचे और उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद 2 अन्य सिलैंडर जो आग पकड़ चुके थे, उनको दूर खेतों में फैंक दिया।
इस हादसे में लाहौरी राम को भारी नुक्सान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से हलका पटवारी व कानूनगो ने लाहौरी राम के परिवार को तिरपाल और आर्थिक सहायता प्रदान की तथा नुक्सान का आकलन करके रिपोर्ट एसडीएम धर्मपुर को भेज दी है।
0 Comments